HomeHealth & Fitnessबहराइच: सपा नेता अवधेश वर्मा के पिता डॉ. जगदीश प्रसाद की सड़क...

बहराइच: सपा नेता अवधेश वर्मा के पिता डॉ. जगदीश प्रसाद की सड़क हादसे में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

जरवलरोड बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अवधेश वर्मा के पिता डॉ. जगदीश प्रसाद वर्मा की शुक्रवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. जगदीश प्रसाद वर्मा शुक्रवार की रात गोंडा जिले में किसी मरीज को दवा देने जा रहे थे। इसी दौरान गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के मसोलिया प्रहलादगंज मोड़ के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ​दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाने लगे। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; बाराबंकी के रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। डॉ. जगदीश प्रसाद के निधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने फोन पर शोकाकुल परिवार से बात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इसके अलावा सपा के कई अन्य दिग्गज नेताओं ने भी अवधेश वर्मा को ढांढस बंधाया और इसे पार्टी व समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, बाराबंकी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके पश्चात उनके पार्थिव शरीर को पैतृक निवास ग्राम जतौरा थाना जरवल रोड, जनपद बहराइच लाया जाएगा, जहां शनिवार दोपहर 3 बजे उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments