#बस्ती_न्यूज
बस्ती के सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती की छात्र संसद का शपथ ग्रहण समारोह हर्रैया स्थित प्रसिद्ध तपसी धाम में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सावित्री सिंह स्मारक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. लाल बहादुर सिंह ने अध्यक्षता की, जबकि तपसी धाम के मुख्य पुजारी महंत दयाशंकर दास मुख्य अतिथि रहे। समारोह में हर्षवर्धन सिंह को छात्र प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। आचार्य वायुनन्दन मिश्र ने छात्र संसद की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रास्ताविकी प्रस्तुत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने मुख्य अतिथियों का स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्य अतिथि महंत दयाशंकर दास ने नव-निर्वाचित छात्र प्रधानमंत्री हर्षवर्धन सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद, अध्यक्ष डॉ. लाल बहादुर सिंह ने छात्र सांसदों को शपथ ग्रहण कराई। प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने छात्र मंत्रिमंडल के सदस्यों को उनके पद एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय, समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्र संसद प्रमुख प्रकाशानन्द सिंह, आचार्य वायुनन्दन मिश्र, रंजीत सिंह और डॉ. उपेन्द्र नाथ द्विवेदी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्र प्रतिनिधियों को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से प्रतिवर्ष छात्र संसद का गठन किया जाता है। चुनाव के बाद छात्र मंत्रिमंडल का गठन और शपथ ग्रहण समारोह जनपद के किसी ऐतिहासिक या प्रेरणादायी स्थल पर आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष तपसी धाम का चयन किया गया, जो तपसी महाराज की साधना स्थली और मनोरमा नदी के शांत, आध्यात्मिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। अंत में महंत दयाशंकर दास ने सभी विद्यार्थियों एवं आचार्यों को प्रसाद स्वरूप भोजन कराया, जिसके लिए प्रधानाचार्य ने उनका विशेष आभार व्यक्त किया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के सरस्वती विद्या मंदिर छात्र संसद का शपथ समारोह:तपसी धाम में हुआ कार्यक्रम, हर्षवर्धन सिंह बने छात्र प्रधानमंत्री
RELATED ARTICLES












