Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)'मन की बात' में छाए बस्ती के आकाश:पीएम मोदी ने नदी सफाई...

‘मन की बात’ में छाए बस्ती के आकाश:पीएम मोदी ने नदी सफाई अभियान की सराहना की, कहा- शिकायत नहीं, बदलाव का संकल्प लिया

#बस्ती_न्यूज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में बस्ती जिले के युवा आकाश गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने मनोरमा नदी को स्वच्छ बनाने के लिए चलाए जा रहे उनके अभियान को पूरे देश के लिए प्रेरणादायी बताया। हरैया विधानसभा क्षेत्र के लजघटा गांव निवासी आकाश गुप्ता के कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने समस्या की शिकायत करने के बजाय उसके समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया और समाज को सकारात्मक संदेश दिया। बचपन की नदी को बचाने का लिया संकल्प प्रधानमंत्री ने बताया कि आकाश अपने गांव की मनोरमा नदी की बिगड़ती स्थिति को देखकर चिंतित थे। बचपन में जिस नदी को उन्होंने स्वच्छ और जीवंत रूप में देखा था, समय के साथ उसमें प्लास्टिक, जलकुंभी और अन्य कचरे का अंबार लग गया था। नदी की दुर्दशा देखकर आकाश ने केवल चिंता व्यक्त करने के बजाय उसे साफ करने का संकल्प लिया और अपने मित्रों को इस अभियान से जोड़ा। जाल, फावड़ा और टोकरी लेकर उतरे नदी में आकाश और उनके साथियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद नदी सफाई अभियान शुरू किया। युवाओं की टोली जाल, फावड़ा और टोकरी लेकर नदी में उतरती थी और जलकुंभी, प्लास्टिक व अन्य कचरे को बाहर निकालती थी। प्रधानमंत्री ने बताया कि कई बार एक दिन में 50 से 60 किलोग्राम तक कचरा नदी से हटाया गया। लगातार प्रयासों का परिणाम यह हुआ कि मनोरमा नदी का एक बड़ा हिस्सा फिर से साफ और सुंदर दिखाई देने लगा। लोगों में बढ़ी जागरूकता प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आकाश और उनकी टीम की मेहनत का असर आसपास के लोगों पर भी पड़ा। स्थानीय नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ी और लोगों ने भी इस अभियान में सहयोग देना शुरू कर दिया। उन्होंने इस पहल को युवाओं की सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जिले में खुशी की लहर ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय मंच पर बस्ती के युवा का उल्लेख होने से जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आकाश गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। प्रधानमंत्री की प्रशंसा के बाद मनोरमा नदी सफाई अभियान की चर्चा अब जिले के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर भी होने लगी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments