सोमवार, 22 जून 2026 को आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शोहरतगढ़ कस्बे में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च और पैदल गश्त किया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने कस्बे के मुख्य मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आमजन से संवाद कर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। लोगों से अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सातवीं से दसवीं मोहर्रम तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन और पुलिस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण और पारंपरिक तरीके से बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हो। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिनमें निर्धारित मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना और ताजियादारों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश देना शामिल है। जनपद और थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें भी आयोजित की जा चुकी हैं। डॉ. महाजन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। फ्लैग मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, उपजिलाधिकारी करमेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, निरीक्षक सुभाष यादव, निरीक्षक अवधेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामबदन यादव, उपनिरीक्षक संतोष यादव, उपनिरीक्षक बलराम यादव, उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, लिपिक राजेश कुमार त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, जामा मस्जिद सदर अल्ताफ हुसैन, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मोहर्रम से पहले शोहरतगढ़ में डीएम-एसपी का फ्लैग मार्च:सिद्धार्थनगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने भारी पुलिस बल तैनात
RELATED ARTICLES












