बहराइच के विशेश्वरगंज कस्बे में मंगलवार शाम को ब्राह्मण समाज ने कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च बिहार में हुए भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के विरोध में आयोजित किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय न्यायिक जांच की मांग की। कैंडल मार्च विशेश्वरगंज बस स्टॉप चौराहे से शुरू होकर ब्लॉक मुख्यालय के मुख्य गेट तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत तिवारी को श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए। इस अवसर पर राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ला ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय या सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की निगरानी में कराई जाए। उन्होंने मामले से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की भी जांच करने और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कैंडल मार्च में विशेश्वरगंज और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप तिवारी, विमल मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, राहुल तिवारी, अविनाश मिश्रा, राहुल शुक्ला, महेश तिवारी, अंकित तिवारी, गागरेन पांडेय, संतोष तिवारी, सूरज मिश्रा, विवेक शुक्ला, राहुल सिंह, अंकुर पांडेय सहित ब्राह्मण समाज के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भरत तिवारी मामला: ब्राह्मण समाज ने कैंडल मार्च निकाला:बहराइच में न्यायिक जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












