Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)साऊघाट में नर्सिंग छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक:कैली अस्पताल में...

साऊघाट में नर्सिंग छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक:कैली अस्पताल में नशे के खिलाफ दिया संदेश

#बस्ती_न्यूज

एसआर हॉस्पिटल एंड मेडिकल इंस्टीट्यूट के नर्सिंग छात्रों ने शुक्रवार को महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल कैली के ओपीडी परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की बढ़ती लत से बचाना और लोगों को जागरूक करना था। नाटक के माध्यम से छात्रों ने नशे की भयावह तस्वीर पेश की। उन्होंने दिखाया कि कैसे नशे की शुरुआत करने वाला व्यक्ति न केवल खुद को बर्बाद करता है, बल्कि उसका पूरा परिवार भी मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट में घिर जाता है। छात्रों ने नशे के आदी व्यक्ति के परिवार की पीड़ा को जीवंत तरीके से दर्शाया। इसमें नशे के कारण घर में होने वाले विवाद, आर्थिक तंगी, बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव और परिवार के सदस्यों की मानसिक परेशानी को अभिनय के जरिए उजागर किया गया। छात्रों ने यह संदेश दिया कि नशे की लत का असर पूरे परिवार पर पड़ता है। नाटक देखने के लिए अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। छात्रों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान छात्रों ने लोगों से तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। नर्सिंग छात्रों ने जोर देकर कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आते हैं, तो इसका नुकसान केवल उनके स्वास्थ्य तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिवार और समाज भी बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ अनिल कुमार यादव, टीचर असिस्टेंट प्रोफेसर अंकित, असिस्टेंट प्रोफेसर अराधना यादव,आयुशीका, बंदना,अनुज सहित कर्मचारी नर्सिंग छात्र-छात्राएं, मरीज और तीमारदार मौजूद रहे। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से छात्रों ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार या अस्पताल की नहीं, बल्कि हर परिवार और हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments