कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नूरपुर तहसील के न्याजपुर क्षेत्र में चंबा से ऊना जा रही एक निजी बस अचानक पलट गई, जिससे कई यात्री घायल हो गए। बस में करीब 40 लोग सवार थे।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें नूरपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे जब बस न्याजपुर के पास पहुंची, तभी चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आशंका है कि उसे दिल का दौरा पड़ा, जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। साथ ही घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।












