रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
महराजगंज। जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में फरेन्दा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के दिशा-निर्देशन में फरेन्दा पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को लगभग दो किलोग्राम (1.998 किग्रा) अवैध गांजे के साथ धर दबोचा है। पकड़े गए अभियुक्तों में एक पिता और उसके दो सगे बेटे शामिल हैं।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को 17 जुलाई को मुखबिर के जरिए इन तस्करों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अम्बेडकर तिराहे से महराजगंज जाने वाले मार्ग पर स्थित एक चाय की दुकान के पास घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। जब इनकी तलाशी ली गई, तो इनके पास से 1.998 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान रामवृक्ष गुप्ता (67 वर्ष) और उनके दो बेटों संजय गुप्ता (35 वर्ष) व विरेन्द्र कुमार गुप्ता (30 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी फरेन्दा थाना क्षेत्र के लाजपत नगर (वार्ड नंबर 17) के रहने वाले हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि जहाँ पिता रामवृक्ष और बड़ा बेटा संजय अशिक्षित हैं, वहीं छोटा बेटा विरेन्द्र कुमार गुप्ता स्नातक (ग्रेजुएट) है, जो इस काले कारोबार में शामिल था। थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बड़ी बरामदगी के बाद तीनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना फरेन्दा में मु0अ0सं0 191/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के साथ उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कॉन्स्टेबल आज्ञाराम यादव, अनिल यादव, विनय मौर्य और महिला कॉन्स्टेबल सीमा कुमारी शामिल रहीं।












