फिरोजाबाद। फिरोजाबाद के टूंडला में तैनात रही तहसीलदार राखी शर्मा ने अपने तबादले के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर प्रशासन और कर्मचारी संगठन ने उनके आरोपों को खारिज कर दिया है।
बताया गया है कि राखी शर्मा का हाल ही में टूंडला से शिकोहाबाद तहसील में स्थानांतरण किया गया। इसके बाद उन्होंने प्रेसवार्ता कर आरोप लगाया कि उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच को समाप्त करने के लिए रिश्वत ली गई। साथ ही उन्होंने जिले में जमीन से जुड़े बड़े घोटाले का भी आरोप लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, जिला प्रशासन ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उनका तबादला नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है। प्रशासन का कहना है कि तहसीलदार पर पहले भी कार्य में लापरवाही और निर्देशों की अनदेखी के आरोप लगे हैं।
मामले में उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ भी सामने आया है। संघ ने तहसीलदार के आरोपों को गलत बताते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इसके अलावा तहसीलदार ने एक व्यक्ति के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और मानहानि का मुकदमा भी दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।फिलहाल यह मामला प्रशासनिक विवाद का रूप ले चुका है और दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच जांच जारी है।












