सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़-चेतिया मार्ग पर बुढ़नईया पेट्रोल पंप के पास एक पिकअप वाहन से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना शनिवार दोपहर की है। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के नीबी दोहनी निवासी दीपक (22 वर्ष) पुत्र प्रभु और पवन (15 वर्ष) पुत्र राजू निषाद अपनी बुआ के घर पिपरी मस्जिदिया गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। बुआ के गांव से कुछ दूरी पहले शोहरतगढ़-चेतिया मार्ग पर बुढ़नईया पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से टकरा गई। बिना हेलमेट के होने के कारण दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। सड़क किनारे तड़पते देख राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। समाजसेवी अनिल चौधरी और अन्य लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एम्बुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ ले जाया गया। वहां घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर घायल:शोहरतगढ़-चेतिया मार्ग पर हुआ हादसा, अस्पताल में भर्ती
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












