#बस्ती_न्यूज
भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग और प्रदर्शनी का शुभारंभ शनिवार को विक्रमजोत स्थित अवधेश सिंह होटल सभागार में हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के वैचारिक और संगठनात्मक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा करना है। प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से पहले दिन सात और दूसरे दिन चार सत्र संपन्न होंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, पूर्व विधायक संजय जायसवाल और पूर्व विधायक रवि सोनकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि जिला महामंत्री अमृत कुमार वर्मा ने संचालन किया। मुख्य अतिथि डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने “देश के सम्मुख चुनौतियाँ एवं निदान के हमारे प्रयास” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत से घबराई देश विरोधी शक्तियां सामाजिक और आर्थिक अस्थिरता फैलाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन भाजपा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रही है। दूसरे सत्र में पूर्व मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर चर्चा की। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने “भाजपा का इतिहास और विकास” पर विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने “कार्य पद्धति” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष अष्टभुजा शुक्ल ने कार्यकर्ता विकास एवं दायित्वबोध पर जोर दिया। वहीं, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह ने चुनाव प्रबंधन और संगठन विस्तार पर अपने विचार व्यक्त किए। पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने बूथ प्रबंधन को संगठन की मजबूती का आधार बताया। इस प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश, क्षेत्र और जिले के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज की गई।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू:संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












