ब्रिटिश कपल: सोशल मीडिया पर रोजाना कई ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं जिसमें विदेशी लोग भारतीय ट्रेन से सफर करते दिखाई देते हैं। ऐसा ही एक वीडियो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो में एक ब्रिटिश कपल ने भारतीय रेलवे की जमकर तारीफ की है। इसमें वे अपने दो महीने के बच्चे के साथ भारत की यात्रा करते दिखे हैं। वीडियो को उन्होंने ‘दो महीने के बच्चे के साथ भारत में यात्रा के बारे में विचार साझा करना’ शीर्षक के साथ शेयर किया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @hazel.lindsey_ नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में हेज़ल लिंडसे और मार्टिन बेली ने कहा कि अपने बच्चे अलेक्जेंडर के साथ भारतीय रेलवे से यात्रा करना उनकी भारत यात्रा के सबसे यादगार पलों में से एक था। कपल का कहना था कि, ‘हमें हमेशा से भारतीय रेलवे से यात्रा करना बहुत पसंद रहा है, इसलिए जब हमारा बेटा अलेक्जेंडर आया, तो हम जानते थे कि हम उसे भी इसका अनुभव कराना चाहते हैं। शहरों के बीच यात्रा करने के लिए भारतीय रेलवे एक बेहतरीन साधन बना हुआ है। ट्रेनें ज्यादातर समय पर चलती हैं और ऐप का उपयोग करके बुकिंग करना आसान है। कुछ स्टेशन काफी व्यस्त हो सकते हैं, लेकिन लिफ्ट (और कुली) जीवन को काफी आसान बना देते हैं, खासकर जब हमारे पास ढेर सारा सामान था।’
दो माह के बच्चे को पसंद आई भारतीय ट्रेन
लिंडसे ने बताया कि उनके बच्चे को देश की चहल-पहल बहुत पसंद आ रही थी, जिसकी वजह से उसे अब तक की सबसे अच्छी नींद आ रही थी। लिंडसे ने कहा, ‘वह चलते-फिरते अपने कैरियर में ही सो जाता था, चाहे टुक-टुक में हो या फिर रात के खाने में मटन बिरयानी खाते समय।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हर कोई नमस्ते करना चाहता है। आपको इस बात से सहज होना होगा कि अजनबी लोग आपके पास आकर बच्चे को गोद में लेना चाहें। हमें इससे कोई दिक्कत नहीं थी, लेकिन अगर आप बच्चे के साथ भारत घूमने की योजना बना रहे हैं तो आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए।’ भारत को शिशुओं के लिए अविश्वसनीय रूप से स्वागतयोग्य बताते हुए, कपल ने कहा कि जब भी वे रात के खाने के लिए रेस्तरां जाते थे तो उन्हें नियमित रूप से सबसे प्यारे पालने लाकर दिए जाते थे।












