फतेहाबाद । नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए टोहाना पुलिस ने भारी मात्रा में गांजे के साथ एक युवक को रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी की पहचान जमालपुर शेखा निवासी जैकी के रूप में हुई है, जिसे शुक्रवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सीआईए टोहाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप ने बताया कि पुलिस टीम नशा तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से भाखड़ा नहर पुल, रेलवे रोड टोहाना क्षेत्र में मुस्तैद थी, इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भाटिया नगर-गांव दमकौरा रोड पर रणनीतिक नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को सडक़ किनारे बाइक के पास एक युवक खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोपी घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। जब ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से एक प्लास्टिक का कट्टा बरामद हुआ। कट्टे को खोलने पर उसमें से 4 किलो 120 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में थाना शहर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जेल भेजने के साथ ही मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपी के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहां से लेकर आया था और किसे सप्लाई करने वाला था।
नशा तस्करों के खिलाफ फतेहाबाद में चला अभियान गांजे के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार
RELATED ARTICLES












