बहराइच के नानपारा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बारिश के दौरान एक डिजायर कार सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। इस हादसे में सरिया कार की छत को चीरते हुए वाहन के अंदर घुस गई। गनीमत रही कि कार की अगली बाईं सीट पर कोई बैठा नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कार सवार युवक बाल-बाल बच गया। नानपारा निवासी वकास अपनी डिजायर कार से शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जिला मुख्यालय आ रहे थे। नानपारा बाईपास पर फल मंडी के पास स्थित चुन्ना बाग के पास तेज बारिश के कारण उनकी कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पर लदी सरिया कार के अंदर घुस गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि सरिया चालक की सीट की ओर घुसती तो यह एक गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर नानपारा कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। नानपारा कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि इस घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
बहराइच में सरिया लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार:कार में घुसी सरिया, बाल-बाल बचा कार सवार युवक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












