Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में विदाई से लौट रहे परिवार की कार पलटी:10 वर्षीय किशोर...

बहराइच में विदाई से लौट रहे परिवार की कार पलटी:10 वर्षीय किशोर की मौत, 10 लोग घायल


बहराइच जिले में बेटी की विदाई के बाद लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। इस हादसे में 10 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर और मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यह दुर्घटना बौंडी थाना क्षेत्र के घुरदेवी संगवा मार्ग पर भदवानी गांव के पास हुई। सूचना मिलते ही डायल-112 और बौंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, ग्राम बबुरी मंझारा तोकली निवासी देशराज पुत्र दुर्जई ने 19 जून को अपनी बेटी का विवाह मधवापुर गांव में किया था। सोमवार को परिवार के सदस्य विदाई के लिए जायलो कार से गए थे। विदाई के बाद लौटते समय भदवानी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेत में पलट गया। दुर्घटना में कलावती (50), अनीता (16), अनीता देवी (35), राजकुमारी (15), रामशरण (40), सुरेंद्र (24), छोटू (10), अनोखा (17), रूपा (41) और शिवा (9) घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्राम सिपहिया हुलास निवासी अमित पुत्र धर्मराज उर्फ धर्मू (10) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। बौंडी थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ मौर्य ने बताया कि इस दुर्घटना में एक बालक की मौत हुई है और 10 लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments