रामपुर। राजबाला के पति दिलीप सिंह लोधी पर ठेकेदार और मजदूरों से मारपीट करने तथा करीब एक लाख रुपये की मजदूरी न देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के भरतपुर निवासी ठेकेदार रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि वह मजदूरों के साथ मुरादाबाद में काम कर रहा था, तभी उसकी बातचीत दिलीप सिंह लोधी से हुई। इसके बाद बरेली-बाईपास स्थित उनके होटल पर ग्रेनाइट लगाने का काम तय हुआ। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद जब ठेकेदार ने भुगतान मांगा तो उसे केवल कुछ राशि दी गई और बाकी भुगतान टाल दिया गया।
ठेकेदार के अनुसार नौ दिन के काम के करीब एक लाख रुपये बनते थे। जब उसने भुगतान की मांग की तो उसके साथ मारपीट की गई और उसकी गाड़ी, बर्तन व सिलेंडर भी रोक लिए गए। साथ ही मजदूरों को काम से भगा देने का भी आरोप लगाया गया है।
वहीं, दूसरी तरफ दिलीप सिंह लोधी ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि ठेकेदार ने घटिया काम किया था और वह बिना पूरा काम किए खुद चला गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












