जिलाधिकारी ने 05 शिकायतों का मौके पर कराया निस्तारण
जनता की शिकायतों का समयपूर्वक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए-जिलाधिकारी
निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले थानाध्यक्षों पर होगी कार्यवाही-पुलिस अधीक्षक
श्रावस्ती,। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में तहसील भिनगा में सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस में आयी शिकायतों को गम्भीरता से सुना तथा उनका निस्तारण करने हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा नियमित रूप से भी जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर प्रतिदिन निस्तारण कराया जा रहा है। उन्होने सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का समयपूर्वक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय-सीमा के अन्दर किया जाना सुनिश्चित करें। यदि किसी भी थानाध्यक्ष के विरूद्ध शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने की शिकायत मिली तो निश्चित ही सम्बन्धित थानाध्यक्ष के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस भिनगा में आज भारी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिसमें कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए तथा मौके पर ही 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस जमुनहा में 25 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से मौके पर ही 01 शिकायतों का निस्तारण किया गया। तहसील इकौना में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से मौके पर ही 05 शिकायतों का निस्तारण किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी भरत पासवान, तहसीलदार भिनगा जागृति सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग के0पी0 मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा0 अमरनाथ यति, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी डा0 अजीत कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं फरियादीगण उपस्थित रहे।












