HomeHealth & Fitnessबढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कांग्रेस करेगी आंदोलन : विनय कुमार

बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कांग्रेस करेगी आंदोलन : विनय कुमार

शिमला । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र की मोदी सरकार पर देश को महंगाई और बेरोजगारी के संकट में धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर बेरोजगार युवाओं और दैनिक मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है।

विनय कुमार ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण देश के औद्योगिक विकास पर भी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है और बेरोजगारी लगातार चरम सीमा की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इन गंभीर मुद्दों पर आंखें बंद कर रखी हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देश और प्रदेश की जनता के साथ खड़ी है तथा किसी भी आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बढ़ते दामों ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं और यह केंद्र सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से महंगाई के खिलाफ खुलकर आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस हर स्तर पर जनता के साथ खड़ी रहेगी।

वहीं, नीट पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय कुमार ने देशभर में उठ रहे आक्रोश को जायज ठहराया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी नीट पेपर लीक मामले में देश से माफी मांगनी चाहिए।

विनय कुमार ने कहा कि नीट परीक्षा रद्द होने से लाखों अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत पर पानी फिर गया है और छात्रों की मानसिक पीड़ा को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश से करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर युवाओं और देश की जनता के साथ खड़ी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments