हरिद्वार। जिले की लक्सर कोतवाली पुलिस ने रणसुरा गांव में आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव में याकूब के घर के पीछे खेत में छापा मारकर करीब 100 किलो संदिग्ध गौमांस, गौवंशीय पशु का कटा सिर, खाल, चार खुर और गौकशी में इस्तेमाल किए जा रहे हथियार बरामद किए।
मौके से इस्लाम पुत्र असगर निवासी रणसुरा को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार मौके से दो कुल्हाड़ी, तीन छुरियां, एक सौल, रस्सी और अन्य सामान कब्जे में लिया गया।
पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मौके पर मांस और अवशेषों की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया गौवंशीय पशु होने की पुष्टि हुई। जांच के लिए नमूने लैब भेजे गए, जबकि शेष अवशेषों को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने अपने साथियों नौसाद, सद्दाम, नसीम और याकूब के साथ मिलकर गौकशी करने की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामले में एक आरोपित इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गौकशी में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।












