#बस्ती_न्यूज
बस्ती में बुधवार रात छावनी क्षेत्र में हिंदू संगठनों के सदस्यों और संतों ने गोवंश से लदे एक डीसीएम को खतम सराय चौराहे के पास रोका। वाहन में 10 गोवंश थे, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी। डीसीएम का चालक नशे की हालत में पाया गया। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर छावनी थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह, विक्रमजोत चौकी प्रभारी सभाजीत मिश्रा और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। देखते ही देखते सौ से अधिक ग्रामीण वहां जमा हो गए और गोशाला व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे। पुलिस ने डीसीएम और सभी गोवंश को अपने कब्जे में ले लिया। देर रात तक उग्र ग्रामीण प्रदर्शन करते रहे। छावनी पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आया कि डीसीएम में लदे गोवंश मल्हनी ग्राम पंचायत की गोशाला के थे। बुधवार दिन में ही जिला आबकारी अधिकारी ने इस गोशाला का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गोशाला में क्षमता से अधिक पशु पाए गए थे और अन्य कमियां भी मिली थीं, जिस पर ग्राम पंचायत सचिव को फटकार लगाई गई थी। इसी निरीक्षण के कुछ ही घंटों बाद रात में मल्हनी गोशाला के अतिरिक्त पशुओं को डीसीएम से बृहद गोशाला रमना तौफीर ले जाने की बात सामने आई। हालांकि, मौके पर पशुओं को एक गोशाला से दूसरी जगह स्थानांतरित करने संबंधी कोई वैध कागजात नहीं मिले। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर बीडीओ संदीप सिंह से बातचीत के बाद पंचायत सचिव आनंद शुक्ल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पशुओं को अपनी गोशाला का बताया और कहा कि शाम को जल्दबाजी के कारण ट्रांसफर पेपर तैयार नहीं हो सके थे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
गोशाला से बिना कागजात गोवंश ले जाते डीसीएम पकड़ा:हिंदू संगठनों ने पीछा कर पकड़ा, एक गोवंश मृत मिला, चालक नशे में था
RELATED ARTICLES











