बहराइच के मटेरा थाना क्षेत्र में नानपारा मार्ग पर बर्मा ढाबा के पास मंगलवार की रात में दहेज का सामान लेकर जा रही डीसीएम और रोटावेटर से जुड़े ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम ड्राइवर और खलासी घायल हो गए, जबकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। डीसीएम बाबागंज से दहेज का सामान लेकर बहराइच की ओर जा रही थी। वहीं ट्रैक्टर रोटावेटर जोड़कर बहराइच से मटेरा की तरफ जा रहा था। बर्मा ढाबा के पास पहुंचते ही दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर मटेरा थाना प्रभारी हरकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बहराइच मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। दुर्घटना के बाद सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
बहराइच में डीसीएम-ट्रैक्टर की आमने-सामने भिड़ंत:डीसीएम का ड्राइवर-खलासी घायल, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












