लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता एक अधेड़ व्यक्ति का सड़ा-गला शव उसके घर से करीब 300 मीटर दूर एक खाली पड़े मकान में संदिग्ध हालत में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
मृतक की पहचान बंथरा के हसन खेड़ा निवासी बेफ रावत (48) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी गीता और 14 वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहता था। बेफ पहले आरा मशीन पर काम करता था, लेकिन कुछ समय से खेती-किसानी कर रहा था। बेफ रावत मंगलवार को किसी काम से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बेफ की पत्नी गीता ने बंथरा थाने में उनकी गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शनिवार को गांव के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे, तभी उनकी गेंद गांव में कई वर्षों से बंद पड़े मुकेश जायसवाल के खंडहरनुमा घर में चली गई। गेंद उठाने गए बच्चों ने अंदर एक व्यक्ति का औंधे मुंह पड़ा सड़ा-गला शव देखा। शव देखकर बच्चे दहशत में आ गए और उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी।
ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हुई और उन्होंने शव की पहचान बेफ रावत के रूप में की। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।












