Homeदेश (National)'टूल की तरह कर रहे छात्रों का इस्तेमाल', राहुल गांधी पर भड़के...

‘टूल की तरह कर रहे छात्रों का इस्तेमाल’, राहुल गांधी पर भड़के धर्मेंद्र प्रधान

पेपर लीक के मुद्दे पर दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के बीच मंगलवार शाम को अचानक राहुल गांधी चर्चा में आ गए। प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए राहुल गांधी समेत तमाम विपक्षी नेताओं को हटाने में पुलिस और सुरक्षाबलों को जमकर मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी करके यह भी बताया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। अब इसी को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का एक बयान आया है। उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि वह छात्रों को अपने राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने यह भी कहा है कि सरकार छात्रों के प्रति उत्तरदायी है और वह सुधार के लिए भी समर्पित है।

इससे पहले, मंगलवार शाम को अचानक प्रधानमंत्री आवास के पास पहुंच गए राहुल गांधी को मनाने के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी उनसे मिलने पहुंचे थे। कांग्रेस सांसदों की नारेबाजी के बीच राहुल गांधी से बातचीत के कुछ घंटों के बाद जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले तो संसद में चर्चा की मांग रखी लेकिन वह अपनी बात से पलट गए और प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और शिक्षामंत्री के इस्तीफे पर अड़ गए। इस मामले पर एकदम खामोश चल रहे शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक ट्वीट करके अब राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?

अपने X हैंडल पर धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा है, ‘नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस बेशर्मी से छात्रों को अपने राजनीतिक टूल की इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि संसद के मॉनसून सत्र में खलल डाल सकें। राहुल गांधी और कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया जिससे जनता को असुविधा हुई और सिक्योरिटी प्रोटोकाल भी प्रभावित हुआ।’

यह भी पढ़ें: सिविस ड्रेस में पुलिस का प्रदर्शनकारियों को पीटना सही या गलत? कानून से समझिए

उन्होंने आगे लिखा है, ‘सरकार ने साफ कहा कि वह चर्चा के लिए तैयार है लेकिन कांग्रेस ने लोकतांत्रिक बहस के बजाय राजनीतिक तमाशा किया। उनका लक्ष्य कभी भी छात्रों के लिए समाधान खोजना नहीं था। वे हमेशा से राजनीतिक हेडलाइन के लिए हंगामा करना चाहते थे। राहुल गांधी के लिए मुद्दा छात्रों का नहीं है। जैसे ही बातचीत का कोई रास्ता निकलता है, वह हर बार हंगामा खड़ा करना चाहते हैं। हमारी सरकार NEET के मामले पर चर्चा करने और युवाओं की समस्याएं सुलझाने के लिए 100 प्रतिशत समर्पित है।’

राहुल गांधी ने क्या कहा?

पीएम आवास के पास धरने पर बैठे राहुल गांधी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उन्हें छत्रसाल स्टेडियम ले गई। उनके साथ समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव समेत कई अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया था। छत्रसाल स्टेडियम से ही राहुल गांधी ने एक वीडियो बनाकर यह बताया कि वह पीएम आवास के पास ही क्यों गए। इस वीडियो में उन्होंने कहा, ‘आज सुबह ही मैं स्पीकर से मिला था और मांग की थी कि हम इस पर चर्चा चाहते हैं लेकिन लग रहा था कि सरकार की ऐसी कोई मंशा नहीं है।’

यह भी पढ़ें: हिरासत में लिए गए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव को भी ले गई पुलिस

उन्होंने आगे कहा, ‘हमने इसी के बाद फैसला लिया कि हम प्रधानमंत्री के आवास के बाहर जाकर धरना दें और छात्रों की समस्या को नेशनल अटेंशन में लाएं। आखिर पेपर क्यों लीक हो रहे हैं? एजुकेशन सिस्टम इतना महंगा क्यों है? सवाल पूछने में कोई गलती नहीं है। हमारी मांग है कि अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। जिन लोगों ने छात्रों को मारा है, उन पर ऐक्शन हो और जिन छात्रों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है उसे वापस लिया जाए। मेरी पीएम मोदी को सलाह है कि छात्रों के खिलाफ जो आपकी सरकार और आपके होम मिनिस्टर ने किया, उसके लिए देश से माफी मांगिए।’

बता दें कि जंतर-मंतर पर अभी भी प्रदर्शन जारी है और भारी संख्या में छात्र वहां जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ, हाई कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद सोनम वांगचुक को अब मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जा चुका है। सरकार की ओर से बताया गया है कि जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने सोनम वांगचुक से मुलाकात भी की है और बातचीत की कोशिश जारी है। वहीं, विपक्षी पार्टियों की मांग है कि अब संसद सत्र के तीसरे दिन इस पूरे मामले पर संसद के दोनों सदनों में चर्चा हो।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments