श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही। बीते दो महीनों में अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों में कुल 470 लीटर डीजल चुरा लिया है,जिससे बाहर से आने वाले वाहन चालकों में भय का माहौल है।पुलिस जांच और गिरफ्तारी के दावे कर रही है,लेकिन अब तक किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। ताजा मामला शनिवार देर रात का है। इकौना तहसील तिराहे के पास खड़े एक ट्रेलर से चोरों ने लगभग 250 लीटर डीजल चोरी कर लिया। इस घटना में ट्रेलर चालक पवन कुमार पाल, जो प्रतापगढ़ के निवासी हैं, को भारी नुकसान हुआ। चालक ने बताया वह बांदा से भिनगा की ओर पोकलैंड मशीन लादकर जा रहे थे। उन्होंने रात तीन बजे ट्रेलर खड़ा किया और वाहन में ही सो गए। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब चालक की नींद खुली, तो उन्होंने डीजल टंकी का ढक्कन खुला पाया और आसपास डीजल फैला हुआ था। जांच करने पर पता चला कि टंकी से लगभग ढाई सौ लीटर डीजल गायब था।पीड़ित चालक ने रविवार को इकौना थाने में तहरीर देकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। इससे पहले, मार्च के अंतिम सप्ताह में भी नेशनल हाईवे-730 स्थित इकौना बाईपास पर खड़े एक ट्रक से लगभग 220 लीटर डीजल चोरी हो गया था। गोंडा से सीमेंट लादकर आ रहे ट्रक चालक ने रात दो बजे अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा किया था। सुबह जागने पर ट्रक का डीजल टैंक खाली मिला। इस घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। डीजल चोरी की लगातार हो रही इन घटनाओं से इकौना क्षेत्र में रात्रि विश्राम करने वाले ट्रक और ट्रेलर चालकों में भय व्याप्त है। वाहन चालकों का कहना है कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक इस मार्ग पर रुकना जोखिम भरा बना रहेगा। पुलिस के लिए यह चुनौती है कि वह कब तक इन डीजल चोरों को पकड़कर वाहन चालकों को राहत दिला पाती है।
श्रावस्ती में खड़े वाहन से डीजल चोरी:दो माह में दूसरी घटना, अब तक 470 लीटर डीजल उड़ाया, भारी वाहनों को बना रहे निशाना
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












