HomeHealth & Fitnessजिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का डीएम ने केक काटकर किया...

जिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का डीएम ने केक काटकर किया शुभारंभ

फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिला अस्पताल में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग कर नवजात शिशुओं का केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया  और उनकी माताओं को किट का वितरण भी किया एवं एक पौधा भी भेंट स्वरूप प्रदान किया। 

अपने संबोधन में उन्होंने कहा की आज महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला अस्पताल द्वारा आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। यह कार्यक्रम केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज में बेटी के सम्मान,सुरक्षा और सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण संदेश है।

हमारी बेटियाँ परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। आज की बेटियाँ शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, सेना, चिकित्सा और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। इसलिए कन्या के जन्म को गर्व, खुशी और सम्मान के साथ स्वीकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मैं सभी नवजात कन्याओं के माता-पिता को हार्दिक बधाई देती हूँ और उनसे आग्रह करती हूँ कि वे अपनी बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,अच्छा स्वास्थ्य और समान अवसर अवश्य प्रदान करें। बेटी को सशक्त बनाना ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाना है। सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना तथा महिला एवं बाल कल्याण की अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य प्रत्येक बेटी को सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। हम सभी का दायित्व है कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुँचे। उन्होंने कहा कि सभी यह संकल्प लें कि किसी भी बेटी के साथ भेदभाव नहीं करेंगे, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं का विरोध करेंगे और हर बेटी को आगे बढ़ने का अवसर देंगे।

उन्होंने ने कहा की आज के समय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी टीके और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त में मिल रही हैं,और प्रत्येक ग्रामसभा में बुधवार और शनिवार को वी एच एन डी सत्र का आयोजन किया जाता है। जहां सभी माताएं अपने बच्चों का टीकाकरण करा सकती हैं।

उन्होंने कहा की केंद्र सरकार की पहल एक पेड़ मां के नाम के तहत आप लोगों को जो पौधे दिए गए हैं उनकी देखरेख अपनी बच्चियों की तरह करें। जिससे जिस तरह बच्चियों का विकास हो उसी तरह इस पौधे का भी विकास हो क्यों कि वृक्ष हमारी जीवनरेखा हैं।

कोरोना के समय में हमे ऑक्सीजन की कितनी आवश्यकता थी,ये वृक्ष हमारी आक्सीजन की आवश्यकता को पूर्ण करते हैं इसलिए इनकी देखरेख अपने बच्चों की तरह करें। जिला प्रोबेशन अधिकारी रिशांत द्वारा अपनी विभागीय योजनाओं के बारे में बताया गया और सीएमओ ने भी बच्चियों को मिलने वाली चिकित्सकीय सुविधाओं व स्वास्थ्य विभाग की अन्य सुविधाओं के बारे में बताया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular