श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। इसी दौरान तहसील जमुनहा के ग्राम अकारा निवासी वृद्ध महिला चंद्रकला पत्नी स्वर्गीय दयाराम ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। महिला ने बताया कि उनकी विधवा पेंशन कई माह से नहीं मिल रही है, जिससे उन्हें जीवन यापन में कठिनाई हो रही है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला प्रोबेशन अधिकारी को अपने कार्यालय बुलाया। उन्होंने बिना विलंब पेंशन संबंधी प्रकरण में कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभाग ने तुरंत आवश्यक प्रक्रिया पूरी की, जिससे वृद्ध महिला की विधवा पेंशन समस्या का समाधान हो गया। अब उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जनता दर्शन कार्यक्रम में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, सामाजिक कल्याण, पंचायत और पुलिस विभागों से संबंधित मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट निर्धारित समय में प्रस्तुत की जाए और शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी दी जाए। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता से कार्य करने और जनता का भरोसा बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने जनता दर्शन में विधवा पेंशन समस्या सुलझाई:श्रावस्ती की वृद्ध महिला को अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












