#बस्ती_न्यूज
बस्ती के 79 वर्षीय कौलेश प्रताप सिंह पिछले 15 सालों से अपनी भूमि पर हक पाने के लिए तहसील प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। डेढ़ दशक से अधिक समय से वे न्याय की उम्मीद में एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर भटक रहे हैं। ग्राम जीतीपुर (थाना पैकोलिया) निवासी कौलेश प्रताप सिंह, गणेश प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। वे अपनी ही भूमि पर अपना कानूनी हक वापस पाने की मांग कर रहे हैं। प्रशासनिक सुस्ती के कारण उनके जीवन के 15 महत्वपूर्ण वर्ष केवल आवेदन जमा करने में बीत गए हैं। कौलेश प्रताप सिंह के अनुसार, मनगवां खास (थाना परशुरामपुर) में स्थित उनकी भूमि पर रामदुलार के पुत्र रामकुमार ने अवैध कब्जा कर रखा है। पिछले 15 वर्षों में उन्होंने अपनी जमीन वापस पाने और कब्जा हटाने के लिए तहसील के हर संभव मंच पर गुहार लगाई है। कौलेश प्रताप सिंह ने बताया, “मैं 15 साल से इसी तहसील परिसर के चक्कर काट रहा हूँ। मेरे नाम जमीन अंकित है, लेकिन दबंगों ने उस पर कब्जा कर रखा है। तहसील की फाइलों से मेरा न्याय आज तक बाहर नहीं निकल सका।” शनिवार को हर्रैया तहसील में आयोजित ‘तहसील संपूर्ण समाधान दिवस’ में कौलेश प्रताप सिंह एक बार फिर अपनी अर्जी लेकर अधिकारियों के पास पहुँचे। लाठी के सहारे चलते हुए उन्होंने अपनी शिकायत दर्ज कराई। हमेशा की तरह, इस बार भी उनकी अर्जी स्वीकार कर ली गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। हालांकि, यह सवाल बना हुआ है कि 15 साल से लंबित इस मामले में क्या इस बार उन्हें न्याय मिल पाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में बुजुर्ग 15 साल से न्याय के लिए परेशान:अपनी जमीन के लिए काट रहे तहसील के चक्कर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












