#बस्ती_न्यूज
बस्ती में रविवार रात तेज हवा और तकनीकी खराबी के कारण भैंस बरहा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे नगर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं को रातभर बिजली संकट का सामना करना पड़ा। बिजली विभाग की टीमें देर रात तक विभिन्न स्थानों पर फॉल्ट ठीक करने में जुटी रहीं। जानकारी के अनुसार, रात 8:50 बजे 11 केवी बेलाडी फीडर में ब्रेकडाउन हुआ, जिससे बेलाडी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके कुछ ही देर बाद, रात 8:55 बजे नगर फीडर की हाईटेंशन (एचटी) लाइन पर भैंस बरहा क्षेत्र में एक पेड़ गिरने की सूचना मिली। बिजली विभाग ने तत्काल आपूर्ति बंद कर टीम को मौके पर भेजा। वार्ड नंबर-6 भवानी प्रसाद नगर के सभासद वीरेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने की सूचना के बाद सुरक्षा कारणों से बिजली बंद की गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि समाचार लिखे जाने तक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली विभाग के कर्मचारियों अमरनाथ और रमेश ने प्रयासों के बाद रात 9:10 बजे नगर फीडर की आपूर्ति बहाल कर दी थी। हालांकि, कुछ ही देर बाद रात 9:40 बजे नगर स्थित विश्वकर्मा मेडिकल स्टोर के पास एक लो-टेंशन (एलटी) तार टूटकर सड़क पर गिर गया। संभावित दुर्घटना को देखते हुए विभाग ने तत्काल बिजली आपूर्ति फिर से बंद कर मरम्मत कार्य शुरू किया। इस बीच, बेलाडी फीडर का फॉल्ट दूर कर रात 9:55 बजे उसकी बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। देर रात तक विभागीय कर्मचारी टूटे तारों, गिरे पेड़ों और अन्य तकनीकी खराबियों को ठीक करने में लगे रहे। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि बारिश और तेज हवा के मौसम को देखते हुए जर्जर तारों की मरम्मत और पेड़ों की समय पर छंटाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के भैंस बरहा क्षेत्र में रातभर बिजली संकट:एलटी तार टूटने से वार्ड 6 की आपूर्ति बाधित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












