श्रावस्ती के जमुनहा विकास खंड अंतर्गत नासिरगंज कस्बे और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से बिजली कटौती जारी है। रात के समय स्थिति विशेष रूप से खराब रहती है, जब घंटों तक बिजली गुल रहती है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दिन में तो किसी तरह काम चल जाता है, लेकिन शाम ढलते ही बिजली कटौती शुरू हो जाती है। लगातार तीन रातों से पूरा कस्बा घंटों अंधेरे में डूबा रहता है। भीषण उमस और मच्छरों के प्रकोप के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी अब काम करना बंद कर रहे हैं। इससे सबसे अधिक परेशानी उन छात्रों को हो रही है जिनकी परीक्षाएं नजदीक हैं या जो रात में पढ़ाई करते हैं। रोशनी के अभाव में उनकी पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो रही है। स्थानीय निवासी शबाब, मोहम्मद रज़ा, कब्बन हुसैन, शीबू, मसरत, पुत्तन, आकिल, मुशाहिद रज़ा और अशफाक रज़ा सहित कई ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि रात में बिजली कटौती से न केवल नींद पूरी नहीं हो पा रही है, बल्कि अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों का डर भी बना रहता है।
नासिरगंज में 72 घंटे से बिजली सप्लाई ठप:मच्छरों के प्रकोप के कारण छोटे बच्चों रातभर जगने को मजबूर
RELATED ARTICLES












