बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में शनिवार दोपहर 3:35 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया। आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा हो गया। तेज हवाओं, बिजली की चमक और बादलों की गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई। तेज हवा और बारिश के कारण राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों को दिन में भी अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी। आंधी से कुछ स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। इस बारिश से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम सुहाना होने पर लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं का आनंद लेते दिखे। हालांकि, तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति भी बनी, जिससे आवागमन में हल्की परेशानी हुई। यह बारिश अधिकांश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हुई, खासकर उन किसानों के लिए जो धान की बीज डालने की तैयारी कर रहे थे। बारिश से उनके चेहरों पर खुशी देखी गई। सब्जी की खेती करने वाले किसानों ने भी इस बारिश को अपनी फसलों के लिए बहुत फायदेमंद बताया। किसानों के अनुसार, इस बारिश से खेतों की जुताई में आसानी होगी और आगामी खेती कार्यों के लिए पर्याप्त नमी मिलेगी, जो फसलों के विकास के लिए लाभदायक सिद्ध होगी।
बढ़नी में मूसलाधार बारिश और आंधी:गर्मी से राहत, किसानों को फायदा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












