गिरिजापुरी देहात क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में गुरुवार सुबह 10 बजे संघर्ष ब्लॉक लेवल फेडरेशन और समुदाय संसाधन व्यक्तियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, आजीविका सुदृढ़ीकरण और सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। संघर्ष फेडरेशन बिछिया क्षेत्र की छह पंचायत—कारीकोट, बरखरिया, बाजपुर बनकटी, चहलवा, विशनापुर और फकीरपूरी—के अंतर्गत आने वाले 20 गांवों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संगठन 75 आजीविका अधिकार समूहों के चार क्लस्टर के माध्यम से करीब 1500 हाशिए पर रहने वाले परिवारों को संगठित कर उनके अधिकारों और आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। बैठक में बीते माह के कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया। नियमित मासिक बैठकों के जरिए कार्यों का मूल्यांकन और नई रणनीतियों का निर्धारण किया जाता है, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि फेडरेशन सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने और जरूरतमंद परिवारों तक उनका लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इन मुद्दों पर रहेगा विशेष फोकस: • बाल विवाह पर रोक के लिए जागरूकता और निगरानी बढ़ाना
• बाल मजदूरी उन्मूलन के लिए सामुदायिक पहल को मजबूत करना
• ग्राम सभाओं को प्रभावी बनाकर ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना बैठक में उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि गांव का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब ग्रामीण स्वयं अपनी जरूरतों के अनुसार योजना बनाकर उसके क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक का समापन सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ मिलकर काम करने और समग्र विकास को गति देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता अनिरुद्ध कुमार ने की।
1500 परिवारों के सशक्तिकरण को लेकर फेडरेशन सक्रिय:गिरिजापुरी देहात में बाल विवाह और मजदूरी के खिलाफ अभियान तेज करने का संकल्प
RELATED ARTICLES












