HomeHealth & Fitnessपूर्व प्रधान हत्याकांड का खुलासा: दो शूटर गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद

पूर्व प्रधान हत्याकांड का खुलासा: दो शूटर गिरफ्तार, तमंचा व बाइक बरामद

IMG-20260513-WA0034कौशाम्बी। जिले के संदीपनघाट थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान मनोज कुमार की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से आलाकत्ल तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।जानकारी के अनुसार 04 मई 2026 को ग्राम आलमचंद्र निवासी सूरज कुमार पुत्र मनोज कुमार ने थाना संदीपनघाट में सूचना दी थी कि उसके पिता मनोज कुमार (45) सुबह करीब पांच बजे माहेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज आलमचंद्र के पीछे टहलने गए थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को परिजनों ने पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एसआरएन हॉस्पिटल प्रयागराज रेफर किया गया था।घटना की सूचना मिलते ही थाना संदीपनघाट पुलिस, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीमों का गठन किया था। टीमों को घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।इलाज के दौरान 05 मई को एसआरएन हॉस्पिटल प्रयागराज में मनोज कुमार की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस के स्थान पर धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोत्तरी कर विवेचना शुरू की।पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 13 मई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना संदीपनघाट पुलिस ने आदमपुर बसेड़ी क्षेत्र से सुलखान सिंह पुत्र छोटई तथा नीरज पुत्र कमलेश निवासीगण ग्राम पट्टी नरवर थाना संदीपनघाट को हिरासत में लिया।गहन पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपने अन्य साथियों केसाथ मिलकर पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या की साजिश रचने और गोली मारने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गंगा नदी के काटी कछार क्षेत्र थाना हथिगवां जनपद प्रतापगढ़ से एक 315 बोर तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।पुलिस ने बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 238/3(5) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट एवं 27 भारतीय साक्ष्य अधिनियम की बढ़ोत्तरी की है। गिरफ्तार आरोपितों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments