HomeHealth & Fitnessयूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश

यूपी में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई जिलों में झमाझम बारिश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 125 मिलीमीटर बारिश कन्नौज में दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच में 104 मिमी, इटावा में 100 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी में 81.6 मिमी और कानपुर में 75 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 5 से 7 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर सहित 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, मेरठ, बरेली, शाहजहांपुर समेत 42 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच राजधानी लखनऊ में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। आशियाना, अलीगंज, गोमतीनगर, मड़ियांव, विभूतिखंड और सरोजनीनगर सहित कई क्षेत्रों में सड़कें और गलियां पानी से भर गईं। कुछ स्थानों पर घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गोमतीनगर के भरवारा अंडरपास में कई फीट पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ और कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। नगर निगम की टीम को पंप लगाकर पानी निकालना पड़ा। विभूतिखंड, विनम्र खंड और अलीगंज में नालियां और सीवर जाम होने से जल निकासी प्रभावित रही। कई स्थानों पर नगर निगम की टीम को जेसीबी की मदद से नालियों की सफाई करनी पड़ी।

फैजुल्लागंज की कृष्णा लोक कॉलोनी में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से सड़क धंस गई। इस दौरान निर्माण सामग्री से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उसमें फंस गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments