HomeHealth & Fitnessकानपुर में पीपीएन कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने खुद को गोली...

कानपुर में पीपीएन कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने खुद को गोली से उड़ाया, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में हनुमान विहार क्षेत्र में बुधवार को पीपीएन कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आलोक सिंह का शव उनके कमरे में मिला। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने उसे तोड़कर देखा तो वह खून से लथपथ अवस्था में बिस्तर पर पड़े थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में खुद काे गाेली मार कर आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हाे रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान आलोक सिंह (50) के रूप में हुई है। वह बसंत विहार एक्सटेंशन-2 स्थित अपने पैतृक घर में पिता केशव नाथ सिंह के साथ रहते थे। परिवार का नौबस्ता मंडी में ट्रांसपोर्ट का कारोबार है, जिसमें आलोक भी सहयोग करते थे। वह पीपीएन कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष भी रह चुके थे। वर्ष 2021 में कोरोना महामारी के दौरान उनके बड़े भाई अजीत सिंह का निधन हो गया था।

परिजनों ने बताया कि आलोक की पत्नी विनीता पिछले करीब दो वर्षों से अपनी दोनों बेटियों के साथ लखनऊ में रह रही थीं। बड़ी बेटी मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, जबकि छोटी बेटी लखनऊ में पढ़ाई कर रही है। परिवार के अनुसार, पत्नी और बेटियों के अलग रहने के बाद से आलोक तनाव में रहने लगे थे और शराब का सेवन भी अधिक करने लगे थे।

बताया गया कि मंगलवार शाम आलोक अपने कमरे में चले गए थे और उसके बाद बाहर नहीं निकले। बुधवार तड़के परिजन उन्हें जगाने पहुंचे, लेकिन काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला। इस पर दरवाजा तोड़कर अंदर देखा गया तो उनका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आलोक सिंह ने अपनी लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से सिर में गोली मारकर आत्महत्या की है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments