श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र स्थित लोधन पुरवा इटौंझा गांव में बिजली केबल घर के सामने से ले जाने को लेकर बीते सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार को हुई, जब कथित तौर पर ननके के पाटीदार उनके घर के सामने से बिजली का केबल ले जा रहे थे। ननके ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। कथित तौर पर आरोप है की लाठी डंडों से मारपीट हुई मारपीट में ननके पुत्र भगवान दास, उनकी पत्नी कुसमा देवी और बेटी आरती घायल हो गए। दूसरे पक्ष से राजेश कुमार पुत्र विद्याराम को भी चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। ननके की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया था। वहीं घटना के बाद दोनों पक्षों ने इकौना थाने में अलग-अलग तहरीर दी। ननके की तहरीर पर विद्याराम, अशोक और राजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, राजेश कुमार की तहरीर पर बेचन लाल, ननके, संतोष कुमार और अजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिजली केबल को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, चार घायल:श्रावस्ती में दोनों पक्षों के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES












