Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कप्तानगंज में 6 दिन से गैस आपूर्ति ठप:उपभोक्ताओं ने लाइन में लगकर...

कप्तानगंज में 6 दिन से गैस आपूर्ति ठप:उपभोक्ताओं ने लाइन में लगकर गुजारी रात, शादी वाले परिवार परेशान

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक की पोखरा ग्राम पंचायत में स्थित सन गैस एजेंसी महाराजगंज के वितरण केंद्र पर पिछले छह दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित है। इससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है और उन्हें रोजाना घंटों लाइन में खड़े होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें गैस सिलेंडर के लिए रात दो बजे से ही लाइन में लगना पड़ता है। कई घंटों के इंतजार के बाद भी उन्हें अक्सर खाली हाथ लौटना पड़ता है। उपभोक्ता उर्मिला देवी ने बताया कि वह रात दो बजे से लाइन में लगती हैं, लेकिन दोपहर तक उन्हें पता चलता है कि सिलेंडर नहीं आएगा। उन्होंने गैस केंद्र पर सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है। स्थानीय निवासी सिद्धू प्रजापति ने बताया कि वह पिछले पांच दिनों से लगातार लाइन में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। दीपू गुप्ता ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि गैस न मिलने के कारण उनके घर में पिछले चार दिनों से खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। उपभोक्ता रवि ने बताया कि धान की बुवाई का समय चल रहा है, इसके बावजूद उन्हें रोज गैस केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। कुड़वा निवासी रामकेश ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 5 तारीख को है। शादी की तैयारियों के बीच वह पिछले छह दिनों से अपना सारा काम छोड़कर गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक एक भी सिलेंडर नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि शादी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के बीच गैस की समस्या ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर राम नरायन वर्मा से बात करने पर उन्होंने बताया कि एजेंसी पर पिछले दो दिनों से गैस की आपूर्ति नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि लाइन में लगे सभी उपभोक्ताओं को व्यक्तिगत रूप से जानकारी देना संभव नहीं है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस एजेंसी से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि सिलेंडर की उपलब्धता के संबंध में स्पष्ट सूचना दी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments