
कौशाम्बी। जिले के मुख्यालय मंझनपुर स्थित उदयन सभागार में मंगलवार को “शिक्षामित्र/अनुदेशक मानदेय वृद्धि सम्मान समारोह” का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से आए शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के चेहरे मानदेय वृद्धि की खुशी और सम्मान से दमक उठे।कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से प्रसारित लाइव संबोधन के साथ हुई। मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना और मानदेय वृद्धि की घोषणा पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इसके उपरांत जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, निवर्तमान विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा एवं डायट प्राचार्या निधि शुक्ला द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर केजीबीवी मंझनपुर की छात्राओं ने ‘वंदे मातरम्’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने अपने संबोधन में शिक्षामित्रों के संघर्ष और योगदान को रेखांकित करते हुए ‘स्कूल चलो अभियान’ और कायाकल्प योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र विभाग की रीढ़ हैं और उनका सम्मान शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करेगा।समारोह का सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब जनपद के सभी आठ विकास खंडों से चयनित 250 शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को मंच पर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा उन्हें शाल ओढ़ाकर, माला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। सम्मान पाकर कई शिक्षामित्र भावुक नजर आए और इसे अपने वर्षों के समर्पण का सच्चा प्रतिफल बताया।विधायक पूजा पाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होते हैं और मानदेय वृद्धि से उनमें नया उत्साह आएगा। राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने शिक्षामित्रों के परिश्रम की सराहना करते हुए जनपद की शैक्षिक उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताई। वहीं, निवर्तमान विधायक संजय गुप्ता ने विपरीत परिस्थितियों में शिक्षा की अलख जगाए रखने को सराहनीय बताया।मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल देते हुए अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की तथा ‘निपुण भारत’ मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर ने सभी शिक्षामित्रों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का संचालन एसआरजी डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह की सफलता में विभागीय अधिकारियों, समन्वयकों एवं एआरपी टीम का सराहनीय योगदान रहा।












