अमेठी : अमेठी में प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले के 12 ब्लॉकों में हेलीपैड निर्माण की मंजूरी दी गई है। इसके बाद संबंधित विभाग ने सभी ब्लॉकों में उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू की, लेकिन प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जमीनों में विभिन्न खामियां सामने आने के कारण निर्माण कार्य में देरी हो रही है।
दरअसल, चुनावी दौरों के दौरान नेताओं को तेजी से जनसभा स्थल तक पहुंचाने और मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को जल्द बड़े अस्पताल तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई थी। शासन के निर्देश के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने प्रशासन के सहयोग से कनेक्टिंग रोड के पास जमीन की खोज शुरू की, लेकिन अब तक उपयुक्त स्थान तय नहीं हो पाया है।
जिले में पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड को 6 और प्रांतीय खंड को 6 हेलीपैड बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। प्रांतीय खंड ने अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है, जबकि निर्माण खंड जमीन चयन की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण अभी रिपोर्ट नहीं भेज पाया है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार के अनुसार, मुसाफिरखाना में मिली जमीन तालाब क्षेत्र में है, जामों की जमीन काफी नीची है, शाहगढ़ में जमीन कनेक्टिंग रोड से दूर है, और गौरीगंज में चिन्हित स्थान पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या रहती है। वहीं संग्रामपुर में ब्लॉक के पास मिली जमीन भी नीची और झाड़ियों से भरी है, जबकि ताला क्षेत्र में भी जमीन तालाबी इलाके में पाई गई है। फिलहाल उपयुक्त जमीन का चयन न हो पाने के कारण जिले में हेलीपैड निर्माण में और देरी होने की संभावना है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













