श्रावस्ती जनपद में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए इंडो-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती राहुल भाटी के निर्देश पर जिला पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के समन्वय से सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन निगरानी और प्रभावी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने थाना सिरसिया पुलिस और एसएसबी बल के साथ थाना सिरसिया क्षेत्र के सोनपथरी बॉर्डर पर संयुक्त पेट्रोलिंग की। इस गश्त के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, आवागमन के मार्गों, संवेदनशील स्थानों और महत्वपूर्ण सुरक्षा बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने मौके पर तैनात पुलिस और एसएसबी कर्मियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से अवैध आवागमन, तस्करी, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखने को कहा। साथ ही, सीमा सुरक्षा में लगे सभी बलों को आपसी समन्वय और सूचना साझा करने पर जोर दिया गया। श्रावस्ती पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि सीमा क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। गौरतलब है कि बकरीद का त्यौहार इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार 10 ज़िलहिज्जा को मनाया जाता है। इस पर्व पर नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होता है, जो अगले दो दिनों तक चलता है। यह त्यौहार पैगंबर हजरत इब्राहिम द्वारा अल्लाह के प्रति दिए गए समर्पण की याद में मनाया जाता है।
बकरीद को लेकर श्रावस्ती में इंडो-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट:सोनपथरी बॉर्डर पहुंचे एएसपी, बढ़ाई निगरानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












