लखनऊ । नौबस्ता थाना क्षेत्र के विराटनगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों की गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी।यह वारदात सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। यूपी-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक फ्लैट में दो बच्चियों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके का मंजर
पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो दोनों मासूम बच्चियां लहूलुहान हालत में मृत पाई गईं। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। घटनास्थल को देखकर हर कोई सन्न रह गया।फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून से सने साक्ष्य और हत्या में इस्तेमाल हथियार के अवशेष जुटाए हैं, जिससे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर किस वजह से उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
अधिकारी का बयान
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को जेल भेजा जाएगा।घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।












