श्रावस्ती के भिनगा तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत दुर्गापुर केपी के मजरा किड़ियावान पुरवा में गुरुवार शाम करीब चार बजे भीषण आग लग गई। इस घटना में चार परिवारों के मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में भगवाने यादव, लल्लू यादव, निबर यादव और रक्षा राम यादव के मकान आए। इन घरों में रखा अनाज, कपड़े, मोबाइल, साइकिल, पानी के मोटर और अन्य आवश्यक सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इससे चारों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल ग्राम प्रधान अविनाश सिंह उर्फ बाबा को जानकारी दी। ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिना देर किए प्रशासन तथा फायर ब्रिगेड को सूचित किया। इस दौरान गांव के लोग भी एकजुट होकर अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। कुछ ही देर में बन्ठिहवा चौकी इंचार्ज गुलाब चंद चौधरी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ लेखपाल कृष्ण कुमार राना और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौजूद थी। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, चारों परिवारों की जीवन भर की जमा पूंजी और संपत्ति जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों और ग्राम प्रधान ने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया है कि नुकसान का आकलन कर उन्हें शासन स्तर से जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा।
चार परिवारों के मकान जलकर राख:श्रावस्ती में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग
RELATED ARTICLES











