देशभर में मानसून सक्रिय है। दिल्ली से कश्मीर तक बारिश हो रही है। आने वाले कुछ दिनों में कभी धूप, कभी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने अपनी पूर्वानुमान में बताया है कि पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बने गहरे निम्न दबाव की वजह से अगले कुछ दिनों में कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने वाली है।
31 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना में कहीं-कहीं 21 सेंटीमीटर या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। 31 जुलाई और 1 अगस्त को गुजरात में भी कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। IMD ने इन इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में खराब न हो जाए बाइक और कार, देखभाल का सबसे आसान तरीका जानिए
कहां हो रही है तेज बारिश?
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जहां कुछ जगहों पर 21 सेंटीमीटर से ज्यादा पानी गिरा। तेलंगाना, विदर्भ, ओडिशा, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में 12-20 सेंटीमीटर बारिश हुई। महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान और पूर्वोत्तर के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई।
कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत में अगले 4-5 दिनों तक हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 31 जुलाई से 5 अगस्त तक लगातार बारिश रहेगी।
31 जुलाई को विदर्भ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। 30-31 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, जबकि 31 जुलाई-1 अगस्त को गुजरात में कुछ जगहों पर 30 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बारिश और उमस के मौसम में कैसे भगाएं मच्छर? देसी नुस्खे हैं कारगर
पूर्वोत्तर के राज्यों का हाल क्या है?
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड आदि राज्यों में अगले कई दिनों तक भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी। अंडमान-निकोबार और पश्चिम बंगाल में भी बारिश जारी रहेगी।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तटीय आंध्र और तेलंगाना में भारी बारिश की संभावना है। तेलंगाना में 31 जुलाई को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में अगले चार दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। 31 जुलाई को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान 32-35 डिग्री के आसपास रहेगा।
किन्हें सतर्क रहने की है जरूरत?
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने की वजह से 1 से 4 अगस्त तक समुद्र में जाने से बचें। भारी बारिश और तेज हवाओं से कमजोर मकान, पेड़ और फसलें प्रभावित हो सकती हैं। निचले इलाकों में पानी भरने और भूस्खलन का खतरा है। लोगों से अपील है कि मौसम की खबर पर नजर रखें, सुरक्षित जगह पर रहें और बिजली गिरने पर सावधानी बरतें।












