लखनऊ। गोसाईंगंज थाना पुलिस ने राहगीरों को रोककर डरा-धमकाकर मोबाइल और नकदी लूटने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 1.25 लाख रुपये कीमत के सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को जमालपुर कुर्मियान निवासी मोहम्मद शरीफ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खरीदारी कर घर लौटते समय नवाब अली का पुरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास पल्सर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। इस मामले में गोसाईंगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में पांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू (24), विशाल (22), गोविन्द (20) और रामजी (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राहगीरों को रोककर डराते-धमकाते थे और उनके मोबाइल व नकदी लूट लेते थे। बाद में लूटे गए मोबाइल बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी रामजी, जो मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है, गिरोह का सक्रिय सदस्य था। वह लूटे और चोरी के मोबाइल फोन को फॉर्मेट कर नया बनाकर ऊंचे दामों में बेचता था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और आगे की जांच जारी है।












