पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर *श्रीमती चारु निगम* के निर्देशन में आगामी *कांवड़ यात्रा, श्रावण मास एवं चेहल्लुम* को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थानों पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

इसी क्रम में *थाना धनपतगंज, थाना कोतवाली नगर, थाना कुड़वार, थाना बन्धुआकला, थाना धम्मौर, थाना गोसाईगंज एवं थाना शिवगढ़* पर संबंधित प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष की अध्यक्षता में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं, कांवड़ यात्रा समिति के पदाधिकारियों, ताजियादारों, डीजे संचालकों, मांसाहारी विक्रेताओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठकों में उपस्थित सभी लोगों को शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए कांवड़ यात्रा, श्रावण मास एवं चेहल्लुम के दौरान आपसी सौहार्द, भाईचारा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। डीजे संचालन के संबंध में निर्धारित मानकों एवं ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने, जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों को पूर्व निर्धारित मार्ग एवं समयानुसार संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ न करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर ध्यान न देने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित सभी लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु मीटिंग की गयी।












