बहराइच-सीतापुर मार्ग पर स्थित बेडनापुर कस्बे में अधूरा सड़क चौड़ीकरण कार्य स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। करीब एक माह पहले सड़क किनारे खुदाई की गई थी, लेकिन उसके बाद निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया। सोमवार को हुई बारिश के बाद खुदाई वाले हिस्सों में जलभराव से स्थिति और बिगड़ गई है। बारिश का पानी सड़क किनारे बने गड्ढों में जमा होकर अब लोगों के घरों और दुकानों में घुसने लगा है। इससे स्थानीय व्यापारियों और परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई दुकानों में सामान खराब होने की आशंका बढ़ गई है, वहीं घरों में पानी भरने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। सड़क पर फैले कीचड़ और पानी के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों को फिसलन का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। राहगीरों और स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। जलभराव के बीच सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे एक और खतरा पैदा कर रहे हैं। खंभों के आसपास पानी जमा होने से लोगों को करंट लगने का डर सता रहा है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि लंबे समय से काम बंद पड़ा है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि कस्बेवासियों को राहत मिल सके।
बेडनापुर में अधूरा सड़क चौड़ीकरण बना आफत:खुदाई के बाद काम बंद, बारिश में घरों-दुकानों में घुसा पानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












