HomeHealth & Fitnessइंटर कॉलेज टॉपर से NEET विजेता बनीं जोयना, ऑल इंडिया रैंक 9281...

इंटर कॉलेज टॉपर से NEET विजेता बनीं जोयना, ऑल इंडिया रैंक 9281 के साथ रचा सफलता का नया इतिहास

IMG-20260717-WA0291प्रयागराज। नारायण स्वरूप हॉस्पिटल, प्रयागराज एवं कौशाम्बी के निदेशक डॉ. राजीव सिंह तथा वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सिंह की पुत्री जोयना सिंह ने NEET-UG 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 9281, कैटेगरी रैंक 3902 और 99.5 पर्सेंटाइल प्राप्त कर प्रयागराज सहित पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस सफलता पर परिवार, चिकित्सक समुदाय और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।

जोयना की उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में अपने कॉलेज में टॉप कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्होंने पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी जारी रखी और पहले ही प्रयास में देश की प्रतिष्ठित परीक्षा NEET-UG में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य संभव है।

अपनी सफलता पर जोयना सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कृष्णा सर, कार्तिकेय सर, सुरेंद्र सर, हरी सर और निर्मल सर का मार्गदर्शन उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। इन शिक्षकों ने विषयों की गहरी समझ विकसित करने, समय प्रबंधन और परीक्षा की रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जोयना ने विशेष रूप से अपनी माता डॉ. सोनिया सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हर कठिन समय में उनका आत्मविश्वास बढ़ाया, पढ़ाई की सुनियोजित योजना बनाने में मदद की और मानसिक रूप से हमेशा मजबूत बनाए रखा। वहीं उनके पिता डॉ. राजीव सिंह ने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर लगातार मेहनत करने की प्रेरणा दी।

जोयना ने कहा, “यह सफलता केवल मेरी नहीं, बल्कि मेरे माता-पिता, सभी शिक्षकों और उन लोगों की भी है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया। सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ कोई भी विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकता है।”

जोयना सिंह की उपलब्धि मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देखने वाले हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासित तैयारी और परिवार व गुरुजनों का सहयोग राष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी उपलब्धियां दिला सकता है।

इस उल्लेखनीय सफलता पर नारायण स्वरूप हॉस्पिटल परिवार, परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने जोयना सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल चिकित्सकीय भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments