Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहादुरपुर की 86 पंचायतों में वृहद पौधरोपण अभियान:हजारों पौधे लगाकर दिया हरित...

बहादुरपुर की 86 पंचायतों में वृहद पौधरोपण अभियान:हजारों पौधे लगाकर दिया हरित भविष्य का संदेश

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के बहादुरपुर विकासखंड की सभी 86 ग्राम पंचायतों में रविवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से हजारों पौधे लगाए गए। विकासखंड स्तर पर चले इस अभियान में बीडीओ आलोक पंकज के नेतृत्व में अधिकारी, कर्मचारी, प्रधान/प्रशासक, ग्राम सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, कोटेदार और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे बीडीओ आलोक पंकज ने बताया कि पौधरोपण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जन आंदोलन है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पौधे लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक जरूरी उनका संरक्षण और नियमित देखभाल करना है। अभियान की तैयारियों के लिए खंड विकास अधिकारी स्वयं लगातार ग्राम पंचायतों के प्रधान/प्रशासक, सचिवों, रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार कर रहे थे। सभी ग्राम पंचायतों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए और पौधरोपण स्थल चिन्हित किए गए। इस अभियान में एडीओ (कृषि) दीनानाथ मिश्र, एडीओ (समाज कल्याण) सुरेंद्र चौधरी, एडीओ (पंचायत) अवधेश प्रसाद सहित विकासखंड के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पहुंचकर पौधरोपण किया और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। विकासखंड की ग्राम पंचायत सोनहा, सोनबरसा, नवली, उमरिया, प्रतापपुर, भेलवल, कचरे, चंदो, अक्सड़ा, सरैया बुजुर्ग, निरंजनपुर, देवदीहा सहित सभी 86 ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाया गया। पंचायत परिसरों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, सड़क किनारे तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। वृहद वृक्षारोपण अभियान के दौरान ग्राम प्रधान/प्रशासक, सचिव, रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, कोटेदार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हुए। सभी ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें नियमित रूप से पानी देने और संरक्षित रखने का वचन दिया। बहादुरपुर विकासखंड में आयोजित इस वृहद पौधरोपण कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता और सामूहिक भागीदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments