लखनऊ। राजधानी लखनऊ के माल ब्लॉक में तैनात पंचायत सचिव सदगुरु प्रसाद का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति, जिसे पंचायत सचिव बताया जा रहा है, फिल्मी गाने “जिंदगी इम्तेहान लेती है…” पर नशे की हालत में झूमता और डांस करता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पंचायत सचिव किसी निजी कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान वह कथित रूप से नशे की हालत में गाने की धुन पर झूमते नजर आए। वीडियो में कुछ लोग उनके सिर पर पानी डालते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद वह अपने अंदाज में मस्ती करते नजर आते हैं।वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि वीडियो सही पाया जाता है तो सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति के आचरण की जांच होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति लंबे समय से माल ब्लॉक में पंचायत सचिव के पद पर तैनात हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो कब और कहां का है तथा उस समय वह सरकारी ड्यूटी पर थे या निजी कार्यक्रम में।फिलहाल प्रशासन की ओर से इस वायरल वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। तरुण मित्र पोर्टल इस वायरल वीडियो की सत्यता या उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












