श्रावस्ती जिले के सिरसिया, जमुनहा और अन्य क्षेत्रों में पेट्रोल तथा डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बाइक सवारों, चारपहिया वाहनों और सिंचाई के लिए डीजल लेने पहुंचे किसानों की भारी भीड़ के कारण लोगों को कड़ी धूप में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे आम आदमी के लिए पहले की अपेक्षा अब ईंधन प्राप्त करना मुश्किल हो गया है। दरअसल जनपद में मक्का की खेती करने वाले किसानों को सिंचाई के लिए डीजल की बड़ी मात्रा में आवश्यकता होती है। इसके अलावा, शादी-विवाह के मौसम के चलते जनरेटरों और चारपहिया वाहनों में डीजल की मांग में अचानक वृद्धि हुई है। ये दोनों कारक ईंधन की खपत बढ़ा रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में यह आशंका भी फैल रही है कि कहीं पेट्रोल-डीजल की कमी न हो जाए। इस आशंका के चलते लोग अपनी जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे भीड़ लगातार बनी हुई है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल अपनी आवश्यकतानुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ताल बघौड़ा पेट्रोल पम्प पर आज ईंधन लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि सुबह 4:30 बजे से ही कतारें लगनी शुरू हो जाती हैं। उनका आरोप है कि यदि पंप संचालक समय पर वितरण शुरू करें तो इतनी लंबी कतारें नहीं लगेंगी, लेकिन वितरण में देरी के कारण लाइनें बढ़ती चली जाती हैं। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार, जिले में जो भी ईंधन पहुंच रहा है, उसका तुरंत वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद भीड़ कम नहीं हो रही है। कई पंपों पर तो ईंधन पूरी तरह खत्म होने के बाद ही भीड़ छंटती है। संचालकों का कहना है कि वे पंप को ‘ड्राई’ होने से बचाने की पूरी कोशिश करते हैं, लेकिन मौजूदा हालात में मांग के मुकाबले आपूर्ति बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
श्रावस्ती में पेट्रोल-डीजल के लिए लंबी कतारें:कड़ी धूप में कर रहे घंटों इंतजार, संचालक बोले- पंप को ‘ड्राई’ होने से बचा रहे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












