- सुरक्षा बलों ने कई जिलों में चलाया संयुक्त अभियान।
- AK-47, कार्बाइन, पिस्तौल और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद।
- चार सक्रिय उग्रवादी और उगाहीकर्ता गिरफ्तार।
इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया है।
इसके अलावा विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों और उगाहीकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, जबकि 221 किलोग्राम संदिग्ध गांजा भी जब्त किया गया।
आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने बीते मंगलवार को तामेंगलोंग जिले के तामेई थाना क्षेत्र के आईटी रोड स्थित तामेई एवं आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाकर तीन कार्बाइन मशीन गन, दो .32 पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, तीन लाथोड गन, दो बैरल लोडेड बंदूकें, 82 जीवित कारतूस तथा एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की।
इम्फाल पश्चिम जिले के लैमसांग थाना क्षेत्र से निंगथौजाम रोशन सिंह (29) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह अपने इलाके से गुजरने वाले वाहनों से अवैध वसूली करता था।
वहीं 06 जुलाई को बिष्णुपुर जिले के नामबोल थाना क्षेत्र से पीएलए/आरपीएफ के सक्रिय कैडर केइशाम केनेडी सिंह उर्फ रोजर (38) को उगाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इसी दिन जिरीबाम जिले के नुंगखाल ब्रिज क्षेत्र से केएनएफ के सक्रिय सदस्य मोहम्मद अब्दुल्ला हुसैन (22) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक देशी .32 पिस्तौल, एक मैगजीन और छह जीवित कारतूस बरामद किए गए।
इसी कड़ी में काकचिंग जिले के सुगनू थाना क्षेत्र से केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) के सक्रिय कैडर मोइरांगथेम थोइबा सिंह (30) को भी गिरफ्तार किया गया।
इसी बीच, इम्फाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के पुंगडोंगबाम अवांग लैकाई में तलाशी अभियान के दौरान 17 पैकेट संदिग्ध गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन लगभग 221 किलोग्राम बताया गया है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।












